ओडिशा : ओडिशा में राज्यसभा चुनाव पर कांग्रेस में बवाल, तीन विधायक निलंबित
Munesh Kumar Shukla Tue, Mar 17, 2026
ओडिशा में राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी के भीतर बड़ा राजनीतिक विवाद सामने आया है। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को पार्टी के तीन विधायकों को निलंबित कर दिया, जिन्होंने व्हिप का उल्लंघन करते हुए भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया।
निलंबित किए गए विधायकों में रामेश चंद्र जेना, सोफिया फिरदौस और दशरथी गोमांगो शामिल हैं। इन नेताओं की क्रॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस और बीजू जनता दल के संयुक्त उम्मीदवार डॉ. दत्तेश्वर होटा को हार का सामना करना पड़ा।
पार्टी की अनुशासनात्मक समिति के अध्यक्ष सुजीत पाधी ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि इन विधायकों ने राज्यसभा चुनाव के दौरान पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर काम किया। उन्होंने बताया कि तीनों नेताओं ने व्हिप की अनदेखी करते हुए भाजपा समर्थित उम्मीदवार को वोट दिया, जो कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा के विपरीत है।
पार्टी का मानना है कि इस तरह की गतिविधियां न केवल अनुशासनहीनता को दर्शाती हैं, बल्कि संगठन के हितों को भी नुकसान पहुंचाती हैं। इसी कारण सख्त कदम उठाते हुए तीनों विधायकों को निलंबित किया गया है।
इस घटनाक्रम के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आने वाले समय में इसके और बड़े राजनीतिक असर देखने को मिल सकते हैं।
विज्ञापन