Advertisment

26 जनवरी 2026 से e paper tv भारतवर्ष पढ़े हर रोज

5th September 2026

BREAKING NEWS

TV Bharatvarsh E Paper 01-09-2026

TV Bharatvarsh E Paper 27-08-2026

TV Bharatvarsh E Paper 26-08-2026

TV Bharatvarsh E Paper 25-08-2026

TV Bharatvarsh E Paper 23-08-2026

जयपुर हमले पर अभिजीत दीपके का आरोप : बोले- छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश

Munesh Kumar Shukla Wed, Jun 17, 2026

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने जयपुर में उन पर हुए कथित हमले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मंगलवार को नागपुर पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि यह हमला एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य नीट-यूजी पेपर लीक जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाना और छात्रों की आवाज को दबाना है।

दीपके ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका हो सकती है। उन्होंने कहा कि जब भी कोई व्यक्ति सरकार या उसकी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाता है, तब इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। हालांकि उन्होंने किसी व्यक्ति विशेष का नाम नहीं लिया, लेकिन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

गौरतलब है कि सोमवार को जयपुर में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।

नागपुर में सीजेपी द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे दीपके ने कहा कि उनका आंदोलन एक करोड़ से अधिक छात्रों से जुड़े मुद्दों के लिए है और वे किसी भी दबाव में पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े विवादों और छात्रों के भविष्य के सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

आरएसएस से संबंध और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूर्व मुलाकात के संबंध में पूछे गए सवाल पर दीपके ने कहा कि यदि उनके ऐसे संबंध थे, तो फिर उन पर हमला क्यों किया गया। उन्होंने दोहराया कि यह घटना मूल मुद्दों से ध्यान हटाने का प्रयास है।

दीपके ने कहा कि उनकी पार्टी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका संघर्ष सत्याग्रह और संवैधानिक मूल्यों पर आधारित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की धमकी या हमले से उनका आंदोलन रुकने वाला नहीं है और छात्र हितों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।