NEET पेपर लीक पर केजरीवाल का हमला : बोले- लाखों छात्रों के भविष्य से हो रहा खिलवाड़
Munesh Kumar Shukla Tue, May 12, 2026
अरविंद केजरीवाल ने NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने आरोप लगाया कि परीक्षा में पेपर लीक और बड़े स्तर पर मिलीभगत हुई, जबकि दोषियों पर अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी करने वाले लाखों छात्रों और उनके परिवारों की वर्षों की मेहनत पर पानी फिर गया है। उन्होंने अपने छात्र जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भी कठिन परिस्थितियों में IIT और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की थी और वे जानते हैं कि प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कितनी तपस्या करनी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि कई परिवार बच्चों की पढ़ाई और कोचिंग के लिए जमीन तक बेच देते हैं। छात्र दिल्ली जैसे शहरों में किराए पर रहकर महंगी कोचिंग लेते हैं, लेकिन बदले में उन्हें पेपर लीक और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है।
इस बीच, NEET परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन भी हुए। NSUI कार्यकर्ताओं ने शास्त्री भवन के बाहर विरोध प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग की।
विज्ञापन