NEET रद्द होने पर राहुल गांधी का केंद्र पर हमला : बोले- छात्रों के सपनों के साथ हुआ विश्वासघात
Munesh Kumar Shukla Tue, May 12, 2026
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को सरकारी लापरवाही और शिक्षा व्यवस्था में फैले भ्रष्टाचार ने बर्बाद कर दिया।
यह बयान राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा को पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के चलते रद्द किए जाने के बाद सामने आया। केंद्र सरकार ने मामले की जांच CBI को सौंप दी है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी ने कहा कि 22 लाख से अधिक छात्रों और उनके परिवारों पर इस फैसले का गहरा असर पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई परिवारों ने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज लिया, गहने बेचे और छात्रों ने दिन-रात मेहनत की, लेकिन बदले में उन्हें पेपर लीक और सरकारी विफलता मिली।
कांग्रेस नेता ने इसे केवल प्रशासनिक असफलता नहीं बल्कि युवाओं के भविष्य के खिलाफ अपराध बताया। उन्होंने कहा कि हर बार पेपर माफिया बच निकलते हैं, जबकि ईमानदार छात्रों को मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और अनिश्चितता का सामना करना पड़ता है।
राहुल गांधी ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि छात्रों का भविष्य मेहनत के बजाय पैसे और पहुंच से तय होने लगे, तो शिक्षा व्यवस्था का उद्देश्य ही खत्म हो जाएगा।
विज्ञापन