शशिकला : एमजीआर-जयललिता की विरासत पर शशिकला का दावा |
Munesh Kumar Shukla Fri, Mar 13, 2026
तमिलनाडु की राजनीति में एक नया मोड़ सामने आया है। वी.के. शशिकला ने गुरुवार को अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘ऑल इंडिया पुरची थलाइवर मक्कल मुन्नेत्र कज़गम’ के गठन की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी का आधिकारिक चिन्ह ‘नारियल का बागान’ भी जारी किया।
नई पार्टी की घोषणा करते हुए शशिकला ने एम. जी. रामचंद्रन (एमजीआर) को याद किया और कहा कि उन्होंने पार्टी की स्थापना जनता की सेवा करने और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के खिलाफ आवाज उठाने के लिए की थी। शशिकला ने कहा कि एमजीआर का आंदोलन गरीबों और आम लोगों के उत्थान के लिए शुरू हुआ था।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “एक पेड़ से पूरा बागान नहीं बनता। हम अपने कार्यकर्ताओं और जनता के साथ एक बागान की तरह आगे बढ़ेंगे।”
इससे पहले शशिकला ने जे. जयललिता की 78वीं जयंती के अवसर पर रामनाथपुरम में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी का झंडा फहराते हुए नई द्रविड़ पार्टी शुरू करने का संकेत दिया था।
रामनाथपुरम की जनसभा में शशिकला ने एडप्पाडी के. पलानीस्वामी पर तीखा हमला भी बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके नेतृत्व में पार्टी कमजोर हुई और कार्यकर्ताओं के साथ विश्वासघात हुआ है।
शशिकला ने कहा कि यदि वह पिछले नौ वर्षों की तरह चुप रहतीं तो यह तमिलनाडु की जनता के साथ विश्वासघात होता। इसलिए उन्होंने जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के हित में नई राजनीतिक पार्टी शुरू करने का फैसला किया है।
उन्होंने दावा किया कि उनकी नई पार्टी पेरारिग्नर अन्ना, एमजीआर और ‘अम्मा’ जयललिता के सिद्धांतों पर चलेगी और गरीबों तथा आम लोगों के हितों के लिए काम करेगी।
विज्ञापन