कर्नाटक : कर्नाटक में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर लगेगा प्रतिबंध
Munesh Kumar Shukla Fri, Mar 6, 2026
कर्नाटक सरकार ने बच्चों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने घोषणा की है कि 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।यह घोषणा मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शुक्रवार को राज्य का बजट पेश करते हुए की। उन्होंने कहा कि बच्चों में मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के कारण पढ़ाई, स्वास्थ्य और व्यवहार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इसी को देखते हुए सरकार ने यह कदम उठाने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले महीने बेंगलुरु में आयोजित कुलपति सम्मेलन में भी इस विषय पर चर्चा की गई थी। उस दौरान विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों से इस मुद्दे पर राय मांगी गई थी। चर्चा के दौरान मोबाइल की लत, ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया के कारण बच्चों की पढ़ाई और शारीरिक फिटनेस पर पड़ने वाले असर को लेकर चिंता जताई गई थी।कर्नाटक के सूचना प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी मंत्री प्रियांक खरगे ने भी पहले विधानसभा में कहा था कि युवाओं में सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग को देखते हुए सरकार इस दिशा में सख्त कदम उठाने पर विचार कर रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग से निगरानी और नियंत्रण की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।
सरकार का मानना है कि यह कदम बच्चों के स्वस्थ विकास और बेहतर शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
विज्ञापन