रोहतास : जमुहार स्थित यूनिवर्सिटी हॉस्टल में छात्रा की मौत, कमरे में पंखे से लटका मिला शव
Munesh Kumar Shukla Fri, Mar 13, 2026
रोहतास जिले के जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के हॉस्टल में लॉ की एक छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान प्रियंका कुमारी (20) के रूप में हुई है, जो कैमूर जिले के चांद थाना क्षेत्र के बेरी पेरियार गांव की रहने वाली थी।
जानकारी के मुताबिक, प्रियंका विश्वविद्यालय में लॉ के पांचवें सेमेस्टर की छात्रा थी और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। गुरुवार (12 मार्च 2026) की शाम उसका शव हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को प्रियंका क्लास में नहीं गई थी और पूरे दिन हॉस्टल में ही थी। शाम को जब उसकी रूममेट छात्राएं हॉस्टल लौटीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उन्होंने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद छात्राओं ने मामले की जानकारी हॉस्टल प्रबंधन को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा खोला गया, जिसके बाद कमरे के अंदर प्रियंका का शव पंखे से लटका हुआ मिला। इसके बाद शव को नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
गौरतलब है कि पटना के एक हॉस्टल में छात्रा की मौत के मामले की जांच पहले से ही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है। ऐसे में कुछ ही दिनों के भीतर सामने आई यह दूसरी घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और छात्रा की मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
विज्ञापन