‘फ्री सिलेंडर से लेकर ₹2500 महीना’ : विजय का बड़ा दांव, TVK घोषणापत्र में महिलाओं-युवाओं पर फोकस
Munesh Kumar Shukla Sat, Apr 18, 2026
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर विजय की पार्टी तमिलगा वेट्टी कड़गम ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। पहली बार चुनावी मैदान में उतरी पार्टी ने खास तौर पर महिलाओं और युवाओं को केंद्र में रखकर कई बड़े वादे किए हैं।
घोषणापत्र के मुताबिक, 60 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा हर परिवार को सालाना 6 मुफ्त गैस सिलेंडर देने का वादा किया गया है। गरीब परिवारों की महिलाओं के लिए शादी के समय 8 ग्राम सोना और एक क्वालिटी सिल्क साड़ी देने की भी घोषणा की गई है।
पार्टी 234 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रही है और किसी भी गठबंधन से दूरी बनाए हुए है। राज्य की सभी सीटों पर 23 अप्रैल 2026 को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
टिकट वितरण में भी महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। पार्टी ने 24 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है। खुद विजय दो सीटों—पेरम्बूर और त्रिची ईस्ट—से चुनाव लड़ रहे हैं।
युवाओं को ध्यान में रखते हुए घोषणापत्र में स्नातक युवाओं को 4,000 रुपये और डिप्लोमा धारकों को 2,000 रुपये मासिक भत्ता देने का वादा किया गया है। साथ ही निजी क्षेत्र में तमिलों के लिए 75% आरक्षण, समय पर सरकारी परीक्षाएं, ब्याज मुक्त स्टार्टअप लोन और इंटर्नशिप व स्किल ट्रेनिंग की सुविधाएं देने की भी घोषणा की गई है।
कुल मिलाकर, TVK का यह घोषणापत्र सीधे तौर पर महिलाओं और युवाओं को साधने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
विज्ञापन