विजय-संगीता तलाक मामले में नया मोड़ : पत्नी ने वापस ली याचिका; अदालत ने केस किया बंद
Munesh Kumar Shukla Sat, Aug 8, 2026
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय से जुड़े तलाक मामले में शुक्रवार को बड़ा मोड़ आया। उनकी पत्नी संगीता ने चेंगलपट्टू जिला अदालत में दायर तलाक की याचिका वापस ले ली। याचिका वापस लिए जाने के बाद अदालत ने मामले को बंद कर दिया। इस घटनाक्रम के बाद विजय और संगीता के रिश्ते को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लगता दिखाई दे रहा है।
शुक्रवार को हुई सुनवाई में संगीता लंदन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में शामिल हुईं। वहीं, विजय व्यक्तिगत रूप से अदालत में मौजूद नहीं हो सके। उनके वकील ने अदालत को बताया कि तमिलनाडु विधानसभा का सत्र चल रहा है, जिसके कारण विजय अदालत में पेश नहीं हो पाए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने संगीता की ओर से याचिका वापस लिए जाने को स्वीकार कर लिया और मामले को बंद कर दिया।
इससे पहले भी इस मामले की सुनवाई कई बार टल चुकी थी, क्योंकि दोनों पक्ष व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश नहीं हो सके थे। विजय और संगीता ने सुरक्षा और अन्य प्रक्रियात्मक कारणों का हवाला देते हुए अदालत से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यवाही में शामिल होने की अनुमति मांगी थी।
मामला पहली बार जून में फैमिली कोर्ट के सामने आया था। उस दौरान अदालत ने संगीता के वकील से वकालतनामा दाखिल करने में हुई देरी को लेकर सवाल किया था। कोर्ट ने आगे की कार्यवाही से पहले दोनों पक्षों को मीडिएशन सेंटर भेजने की बात भी कही थी। इसके बाद मामले की अगली सुनवाई 7 अगस्त को तय की गई थी।
बताया गया था कि संगीता ने फरवरी में विजय के साथ मतभेदों का हवाला देते हुए तलाक की याचिका दाखिल की थी। याचिका में उन्होंने गुजारा-भत्ता और नीलांकरई स्थित घर में रहने का अधिकार भी मांगा था। याचिका में उन्होंने विजय के एक महिला अभिनेत्री के साथ कथित विवाहेतर संबंध का आरोप भी लगाया था और कहा था कि उन्हें इस बारे में 2021 में जानकारी मिली थी।
हालांकि, अब याचिका वापस लिए जाने के बाद मामले की कानूनी कार्यवाही समाप्त हो गई है। संगीता ने याचिका वापस लेने के पीछे कोई विस्तृत सार्वजनिक कारण नहीं बताया है।
विज्ञापन