आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप : साउथ अफ्रीका से हार के बाद भारत की दमदार वापसी
Munesh Kumar Shukla Thu, Feb 26, 2026
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों की हार के बाद भारतीय टीम की सेमीफाइनल की राह मुश्किल नजर आ रही थी। इस स्थिति को और चुनौतीपूर्ण बना दिया जब वेस्टइंडीज ने भी अपने मुकाबले में बड़े अंतर से जीत दर्ज की। ऐसे में 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाला मुकाबला भारत के लिए करो या मरो जैसा बन गया था।इससे पहले साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए मैच पर भी भारतीय प्रशंसकों की नजरें टिकी थीं। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने एकतरफा अंदाज में 9 विकेट से जीत हासिल कर अंक तालिका की स्थिति और रोचक बना दी।दूसरी ओर, टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 72 रनों से जीत दर्ज की और सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखा। इस मैच में भारतीय स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने महज 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।अपने हरफनमौला प्रदर्शन के लिए हार्दिक पांड्या को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद उन्होंने कहा, “मैं अपनी पारी से काफी खुश हूं। शुरुआत में मैं ताकत से शॉट खेलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बाद में एहसास हुआ कि गेंद को सही टाइमिंग से खेलकर भी आसानी से छक्के लगाए जा सकते हैं। मुझे लगता है कि यह मुकाबला मेरी लय बनाए रखने के लिए काफी अहम था।”उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि टीम की नजरें साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे मुकाबले पर भी थीं, क्योंकि सेमीफाइनल की दौड़ में हर परिणाम महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।
विज्ञापन