टी20 वर्ल्ड कप 2026 : अब न्यूजीलैंड से होगा रोमांचक मुकाबला
Munesh Kumar Shukla Fri, Mar 6, 2026
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल का टिकट काट लिया है। अब भारतीय टीम 8 मार्च को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबला खेलेगी। हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए आसान नहीं होने वाला है। यदि भारत न्यूजीलैंड को हरा देती है, तो वह लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लेगी, लेकिन इतिहास और दोनों टीमों के बीच रिकॉर्ड इसे आसान नहीं बनने देंगे।टी20 वर्ल्ड कप 2026 में यह भारत और न्यूजीलैंड का पहली बार फाइनल में आमना-सामना होगा। ग्रुप स्टेज और सुपर-8 में दोनों टीमें एक-दूसरे से नहीं भिड़ीं। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को एक रोमांचक फाइनल देखने को मिलने की उम्मीद है। हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और न्यूजीलैंड के हेड टू हेड रिकॉर्ड ने भारतीय फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं। अब तक इस टूर्नामेंट में भारत न्यूजीलैंड को एक भी मैच में नहीं हरा पाया है। दोनों टीमों का आखिरी सामना 2021 टी20 वर्ल्ड कप में हुआ था, जब न्यूजीलैंड ने भारत को 8 विकेट से हराया था। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और न्यूजीलैंड की भिड़ंत कुल तीन बार हुई है और इन सभी मुकाबलों में न्यूजीलैंड विजयी रही है। पहली बार दोनों टीमें 2007 में आमने-सामने आईं, जब ग्रुप स्टेज में न्यूजीलैंड ने भारत को 10 रनों से हराया था। हालांकि, भारत ने उसी टूर्नामेंट में चैंपियन बनकर खिताबी जीत हासिल की थी।दूसरी बार भारत और न्यूजीलैंड 2016 के टी20 वर्ल्ड कप में भिड़ी थी, जहां न्यूजीलैंड ने 47 रन से जीत दर्ज की। तीसरी और आखिरी बार 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में इनका मुकाबला हुआ, जिसमें न्यूजीलैंड ने भारत को 8 विकेट से मात दी।इस इतिहास को देखते हुए भारतीय टीम को फाइनल में कड़ी मेहनत करनी होगी। टीम के कप्तान और खिलाड़ी रणनीति के साथ मैदान पर उतरेंगे, जबकि फैंस एक रोमांचक और निर्णायक मुकाबले की उम्मीद कर रहे हैं। भारत का लक्ष्य होगा कि वह इस बार अपनी हार का रिकॉर्ड तोड़े और पहली बार फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर ट्रॉफी अपने नाम करे।
विज्ञापन