शिव महापुराण : बीघापुर के गौरी में कल से गूंजेगी शिव महापुराण की पावन गूंज, भव्य कलश यात्रा से होगा शुभारंभ
Munesh Kumar Shukla Thu, Oct 29, 2026
बीघापुर के गौरी में कल से गूंजेगी शिव महापुराण की पावन गूंज, भव्य कलश यात्रा से होगा शुभारंभ

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के बीघापुर स्थित शिवाय सिटी, गौरी में कल यानी 30 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक एक ऐतिहासिक और दिव्य धार्मिक महोत्सव की शुरुआत होने जा रही है।

सुप्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा जी (सीहोर वाले) के श्रीमुख से सात दिवसीय संगीतमय श्री शिवमहापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में अभूतपूर्व भक्ति और उत्साह का माहौल है। इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ कल एक विशाल और भव्य कलश यात्रा के साथ किया जाएगा।
जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अरुण सिंह हैं मुख्य आयोजक
इस विशाल महाकथा के मुख्य आयोजक जिला सहकारी बैंक उन्नाव के अध्यक्ष अरुण सिंह हैं। उनके नेतृत्व में आयोजन समिति दिन-रात लगकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी है। अरुण सिंह ने क्षेत्रवासियों सहित सभी शिवभक्तों से इस पावन कथा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ कमाने की भावपूर्ण अपील की है।
महादेव की भक्ति में डूबा शिवाय सिटी, गौरी
कथा के भव्य आयोजन के लिए गौरी के शिवाय सिटी में करीब 50 बीघे के विशाल मैदान में भव्य टेंट और पंडाल तैयार किए गए हैं। देश-विदेशी से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के बैठने, शुद्ध पेयजल, महाप्रसाद, मेडिकल कैंप और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने भी स्वयं कथा स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। वाहनों के सुगम आवागमन के लिए कई जगह पार्किंग स्थल भी तय किए गए हैं।
सीहोर वाले महाराज को सुनने उमड़ेगा जनसैलाब
पंडित प्रदीप मिश्रा जी अपनी सहज वाणी और शिवमहापुराण के सरल प्रसंगों के साथ-साथ जीवन के कष्टों को दूर करने वाले 'एक लोटा जल' के उपायों के लिए जाने जाते हैं। उन्नाव के अलावा कानपुर, लखनऊ, रायबरेली और अन्य राज्यों से भी भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। कल से शुरू होने जा रहे इस पावन अनुष्ठान में पूरा बीघापुर क्षेत्र 'श्री शिवाय नमस्तुभ्यं' के महामंत्र से गुंजायमान होने के लिए पूरी तरह तैयार है।
विज्ञापन