अपराध : आम रास्ते पर हो रही बोरिंग प्रशासन बना मूकदर्शक
Wed, May 21, 2025
पाटन (उन्नाव)। तहसील बीघापुर के अंतर्गत विकास खंड सुमेरपुर की ग्राम सभा ताजकपुर एक बार फिर विवादों में है। ग्रामीणों और बीडीसी सदस्यों का आरोप है कि ग्राम प्रधान की मिलीभगत से गांव के ही एक दबंग द्वारा आम रास्ते पर जबरन समरसिबल बोरिंग कर हैंडपंप लगाया जा रहा है। बीडीसी सदस्य ने बताया कि इस अवैध कार्य को रोकने के लिए उन्होंने कई बार तहसील प्रशासन से लेकर स्थानीय थाना तक शिकायत की, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि दबंग के प्रभाव में प्रशासनिक अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं और खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर समरसिबल बोरिंग की जा रही है, वह गांव का सार्वजनिक रास्ता है। यदि वहां स्थायी ढांचा खड़ा हो गया तो लोगों की आवाजाही बाधित होगी और भविष्य में विवाद और बढ़ सकता है।
स्थानीय प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर ग्रामीणों में रोष है। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद जब कोई सुनवाई नहीं होती तो ऐसे अवैध कार्यों को रोकना आम जनमानस के लिए असंभव हो जाता है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए और आम रास्ते से बोरिंग हटवाई जाए।
अपराध : खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने भरे सेम्पल
Wed, May 21, 2025
बीघापुर-उन्नाव। बीघापुर तहसील क्षेत्र में चल रही मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए एसडीएम के निर्देश पर शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार ने थाना क्षेत्र के तीन स्थानों पर छापेमारी कर नमूना भरा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि शिवाय आइसक्रीम खिझौली, बालाजी आइसक्रीम सेंटर लालकुआं से आइस कैंडी का सैंपल लिया गया। पाली गांव में दूध का व्यापार कर रहे सर्वेश कुमार के यहां शिकायत के आधार पर छापेमारी कर दूध का सैंपल भरा गया। अरुण कुमार ने बताया कि फिलहाल सारे सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अपराध : चौकी इंचार्ज की लापरवाही से चोरों के हौसले बुलंद, जनता में आक्रोश
Wed, May 21, 2025
तहसील कॉलोनी से दो महीने में दो बाइक चोरी, पुलिस के हाथ खाली
पाटन, उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के पाटन चौकी अंतर्गत लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने क्षेत्रवासियों की नींद उड़ा दी है। इन वारदातों को रोकने में पूरी तरह नाकाम पाटन चौकी इंचार्ज पर स्थानीय जनता ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। चौकी क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे तहसील कॉलोनी जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगहों में भी बेधड़क वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पाटन चौकी इंचार्ज मूकदर्शक बने हुए है। 11 मई 2025 को एसडीएम बीघापुर के बाबू पुत्तन यादव की मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। घटना को 10 दिन बीत चुके हैं लेकिन चौकी इंचार्ज न तो बाइक बरामद कर पाए, न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी है। इससे पहले, 16 मार्च को भी तहसील कॉलोनी से ही एसडीएम के अर्दली विजय सिंह की बाइक चोरी हो गई थी। इससे पहले 18 नवम्बर 2024 को बाबा मोहब्बत शाह मजार स्थित दानपात्र का ताला तोड़कर चोर हजारों रुपये ले गए थे। सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद पाटन चौकी इंचार्ज ने इस मामले में आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। नतीजतन 10 मई को दोबारा उसी मजार को निशाना बनाया गया। मजार के गद्दीनशीन गुलाम हुसैन शाह ने स्पष्ट कहा कि पहली बार शिकायत देने के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता से वह दूसरी बार तहरीर देना ही व्यर्थ समझे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाटन चौकी इंचार्ज की लापरवाही और निष्क्रियता ही इन वारदातों की मुख्य वजह है। यदि समय रहते सख्ती बरती जाती तो अपराधी इतने बेखौफ नहीं होते। अब हालात यह हो चुके हैं कि आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस से पूरी तरह निराश हो चुके हैं। जनता की मांग है कि पाटन चौकी इंचार्ज को तत्काल हटाया जाए और क्षेत्र में जिम्मेदार व सक्रिय अधिकारी की तैनाती की जाए, ताकि अपराध पर नियंत्रण हो और जनता को न्याय मिल सके।