यूपी : डिवाइडर पार कर डीसीएम ने कार को मारी टक्कर,दो पत्रकारों की मौत
Munesh Kumar Shukla Mon, Mar 16, 2026
उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो पत्रकारों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के रसूलाबाद के पास हाईवे पर हुआ।
जानकारी के मुताबिक कुशीनगर के चार पत्रकार लखनऊ में आयोजित पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश स्तरीय होली मिलन और पत्रकार सम्मान समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद सोमवार सुबह सभी लोग कार से वापस कुशीनगर लौट रहे थे।
कार में धनंजय पाण्डेय, शंभू मिश्रा, रमन कुमार और सुदेश मिश्रा सवार थे। बताया जा रहा है कि कार धनंजय पाण्डेय चला रहे थे। इसी दौरान खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के रसूलाबाद के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार डीसीएम अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई।
इसके बाद डीसीएम ने कुशीनगर की ओर जा रही पत्रकारों की कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो पत्रकारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस हादसे से पत्रकार जगत में शोक की लहर फैल गई है।
विज्ञापन