बिहार में सत्ता का बड़ा फेरबदल! : नीतीश के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी के हाथ में कमान
Munesh Kumar Shukla Wed, Apr 15, 2026
नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और सम्राट चौधरी के नए मुख्यमंत्री बनने के बाद बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अब एनडीए गठबंधन के भीतर मंत्री पदों के बंटवारे को लेकर तस्वीर साफ होती नजर आ रही है, जिससे सत्ता संतुलन की नई झलक सामने आई है।
सूत्रों के मुताबिक, नई सरकार में अलग-अलग दलों के प्रतिनिधित्व को लेकर सहमति बन गई है। भाजपा को मुख्यमंत्री पद सहित कुल 15 मंत्री पद मिलने की संभावना है, जबकि जेडीयू को दो उपमुख्यमंत्रियों समेत 17 मंत्री पद दिए जाएंगे। इसके अलावा एलजेपी (राम विलास) को 2 मंत्री, एचएम को 1 और आरएलएम को 1 मंत्री पद मिलने की बात सामने आई है।
नई सरकार में विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र कुमार यादव ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने पास कुल 29 विभागों का प्रभार रखा है, जो उनकी मजबूत पकड़ को दर्शाता है। वहीं विजय चौधरी को 10 विभाग और बिजेंद्र यादव को 8 विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मंत्रिमंडल विस्तार 1 मई को होने की उम्मीद जताई जा रही है और इसके लिए तैयारियां भी तेज हो गई हैं। हालांकि, राजनीतिक जानकार मानते हैं कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद एनडीए सहयोगियों के बीच तालमेल बनाए रखना आसान नहीं होगा। साथ ही, सम्राट चौधरी के सामने जेडीयू के भीतर संतुलन बनाए रखने की चुनौती भी रहेगी, खासकर उस वक्त जब इस्तीफे के बाद पार्टी में अंदरूनी असंतोष की चर्चाएं सामने आई थीं।
हालांकि नीतीश कुमार ने सार्वजनिक रूप से किसी भी तरह की नाराजगी जाहिर नहीं की है, लेकिन आने वाले समय में बिहार की राजनीति किस दिशा में जाएगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
विज्ञापन