80 करोड़ की संपत्ति का खुलासा! : बिहार के पूर्व DSP गौतम कुमार सस्पेंड
Munesh Kumar Shukla Wed, Apr 8, 2026
बिहार सरकार ने किशनगंज के पूर्व डीएसपी गौतम कुमार को आय से अधिक संपत्ति के मामले में निलंबित कर दिया है। उनके पास करीब 80 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि पूर्व डीएसपी के कई महिलाओं से करीबी संबंध थे और उन्होंने उनके नाम पर जमीन व अन्य संपत्तियों में निवेश किया था।
31 मार्च को जांच एजेंसी ने किशनगंज, पटना और पूर्णिया समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। इस दौरान मिले दस्तावेजों और साक्ष्यों से यह खुलासा हुआ कि गौतम कुमार के पास घोषित आय से कहीं अधिक संपत्ति मौजूद है।
जांच में यह भी पाया गया कि उन्होंने अपने अलावा पत्नी, सास, महिला मित्रों और अन्य लोगों के नाम पर भी संपत्तियां खरीदी थीं।
सूत्रों के अनुसार, गौतम कुमार रिटायरमेंट के बाद राजनीति में प्रवेश करने और किशनगंज से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए वे कई राजनीतिक दलों से संपर्क में थे और एक स्थानीय विधायक उनकी मदद कर रहा था।
विज्ञापन