बिहार : गैस पर हाहाकार: पटना में 40% स्ट्रीट फूड दुकानें बंद, मोतिहारी में सिलेंडर को लेकर मारपीट
Munesh Kumar Shukla Sat, Mar 14, 2026
बिहार में एलपीजी गैस सिलेंडर की कथित किल्लत का असर अब कई जिलों में दिखाई देने लगा है। राजधानी पटना में गैस की कमी के कारण स्ट्रीट फूड का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जबकि कई अन्य शहरों से सिलेंडर को लेकर विवाद और हंगामे की खबरें सामने आ रही हैं।
पटना में गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से करीब 40 प्रतिशत स्ट्रीट फूड की दुकानें बंद होने की खबर है। गैस सिलेंडर न मिलने के कारण छोटे दुकानदारों को अपना काम रोकना पड़ रहा है, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर भी असर पड़ रहा है।
वहीं मोतिहारी में शनिवार सुबह गैस सिलेंडर को लेकर दो लोगों के बीच झड़प हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, गैस एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े होने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। हालांकि आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया और मामला आगे बढ़ने से रोक लिया।
दरभंगा में भी शनिवार सुबह से ही गैस एजेंसी के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बताया जा रहा है कि सुबह 6 बजे से ही लोग सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लग गए थे। एजेंसी खुलने से पहले ही वहां 100 से ज्यादा लोग कतार में खड़े थे। लाइन में आगे-पीछे होने को लेकर कई बार लोगों के बीच नोकझोंक भी हुई।
हालांकि इन घटनाओं के बीच जिला प्रशासन का कहना है कि प्रदेश में कहीं भी एलपीजी गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति सामान्य है। इसके बावजूद कई जगहों से सामने आ रही तस्वीरें लोगों की बढ़ती चिंता और अफरातफरी को दिखा रही हैं।
विज्ञापन