प्रयागराज : हॉस्टल में 17 वर्षीय वॉलीबॉल खिलाड़ी प्रत्युष राय की मौत, फर्श पर लाश मिलने से हड़कंप
Munesh Kumar Shukla Tue, Feb 10, 2026
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 17 वर्षीय वॉलीबॉल खिलाड़ी प्रत्युष राय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रत्युष गाजीपुर का रहने वाला था। वह मंगलवार सुबह अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के छात्रावास के कमरे में जमीन पर पड़ा मिला। उसे तत्काल बेली अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। प्रत्युष पिछले चार सालों से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के छात्रावास में रहकर वॉलीबॉल की ट्रेनिंग ले रहा था। वह एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी था और अपने कोच और साथियों के बीच लोकप्रिय था। मंगलवार सुबह पांच बजे कुछ जूनियर जब प्रत्युष को जगाने गए तो वह फर्श पर पड़ा मिला। सोमवार रात करीब नौ बजे प्रत्युष ने अन्य खिलाड़ियों के साथ मेस में भोजन किया था। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया था। बीते कुछ दिनों से उसका रूम पार्टनर ऋषभ अपने गांव गया हुआ था, जिस वजह से प्रत्युष कमरे में अकेला रह रहा था। सूचना मिलते ही कर्नलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गाजीपुर में रहने वाले परिजन प्रयागराज के लिए रवाना हो गए। कर्नलगंज थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
विज्ञापन