बहराइच : होली से पहले युवक ने माता-पिता, बहन और दादी को कुल्हाड़ी से काट डाला
Munesh Kumar Shukla Mon, Mar 2, 2026
बहराइच जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बसंतपुर उदल ग्राम पंचायत के मजरे रामनगर में एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जमीन बिक्री की रकम न मिलने के विवाद में एक युवक ने अपने ही माता-पिता, दादी और बहन पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के दौरान बीच-बचाव करने आए बड़े भाई पर भी जानलेवा हमला किया गया। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है। प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा को दी गई तहरीर के अनुसार, वादी गुरूदेव पुत्र बदलूराम वर्मा ने बताया कि रात करीब 12 बजे उन्हें घर के भीतर से शोर-शराबे और चीखने की आवाज सुनाई दी। जब वह अपने कमरे से बाहर निकले तो देखा कि उनका छोटा भाई निरंकार, पिता द्वारा बेची गई जमीन और गहनों की रकम न दिए जाने को लेकर विवाद कर रहा था। विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि निरंकार ने आवेश में आकर घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और माता-पिता, दादी तथा बहन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में चारों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। गुरूदेव ने जब बीच-बचाव की कोशिश की तो निरंकार ने उनके सिर पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया। मौके पर वादी का पुत्र आजाद भी मौजूद था, जिसने पूरी घटना देखी। गुरूदेव के अनुसार, जब उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। इस बीच निरंकार ने खुद के सिर पर ईंट से कई बार प्रहार कर खुद को भी घायल कर लिया। ग्रामीणों की सूचना पर रूपईडीहा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
विज्ञापन