लखनऊ : ठेकों में कमीशनखोरी का बड़ा खुलासा: वाप्कोस के प्रोजेक्ट मैनेजर समेत 5 को CBI ने किया गिरफ्तार
Munesh Kumar Shukla Sun, Feb 22, 2026
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की एंटी करप्शन ब्रांच ने ठेकों में कमीशन के जरिए घूसखोरी के एक संगठित रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए वॉटर एंड पावर कंसल्टेंसी सर्विसेज (WAPCOS) के प्रोजेक्ट मैनेजर पंकज दुबे समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई लखनऊ से की गई, जबकि कई अन्य शहरों में भी एक साथ छापेमारी की गई।
सीबीआई के अनुसार, आरोप है कि ठेके दिलाने और भुगतान पास कराने के बदले तय प्रतिशत के रूप में कमीशन लिया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में एक सुनियोजित नेटवर्क के जरिए रिश्वत वसूली के संकेत मिले हैं, जिसमें विभागीय अधिकारियों और निजी ठेकेदारों की मिलीभगत की आशंका जताई गई है।
कई शहरों में एक साथ छापेमारी
सीबीआई टीमों ने लखनऊ के आशियाना, सुशांत गोल्फ सिटी और गोमतीनगर विस्तार समेत देवरिया और भुवनेश्वर में करीब एक दर्जन ठिकानों पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान लगभग 10 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जब्त दस्तावेजों की जांच की जा रही है, जिनसे रैकेट के और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
कैसे चलता था रैकेट
सूत्रों के मुताबिक, परियोजनाओं के आवंटन और बिलों के भुगतान में अनियमितताओं के जरिए ठेकेदारों से मोटी रकम वसूली जाती थी। कमीशन की दर पहले से तय रहती थी और भुगतान विभिन्न माध्यमों से लिया जाता था। सीबीआई इस पूरे नेटवर्क की वित्तीय लेन-देन की परतें खंगाल रही है।
आगे की कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है और उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। जांच एजेंसी ने संकेत दिए हैं कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है।
सीबीआई ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर लिप्त पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
विज्ञापन