लखनऊ : दुबग्गा इलाके में मंदिर पुजारी की निर्मम हत्या ,शव 20 फीट गहरे गड्ढे में मिला
Munesh Kumar Shukla Fri, Feb 20, 2026
लखनऊ के दुबग्गा इलाके में शुक्रवार की रात मंदिर के पुजारी कल्लू प्रजापति उर्फ कल्लू बाबा (60) की निर्मम हत्या कर दी गई। उनका शव मंदिर के पीछे करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में पड़ा मिला। मौके पर जांच में उनके माथे पर गंभीर चोट के निशान और गला घोंटने के संकेत मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। घटना दुबग्गा इलाके की आश्रयहीन कॉलोनी में हुई। सुबह करीब 8 बजे स्थानीय निवासी गोलू ने मंदिर के पास गड्ढे में शव देखा और तुरंत पुलिस और कॉलोनी के लोगों को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने पहले पुजारी को मंदिर से बाहर खींचकर सड़क पर बेरहमी से पीटा। उनके माथे पर किसी भारी वस्तु से वार किए गए और गला घोंटने के बाद शव को नाली में फेंक दिया। बाद में मृतक को मंदिर के पीछे गड्ढे में फेंक दिया गया। कल्लू बाबा करीब 40 साल से शीतला माता मंदिर में रहकर पूजा-पाठ करते थे। उनके परिवार के अनुसार, उनके पड़ोस में रहने वाली एक महिला और उसके दो भाईयों के साथ कल्लू बाबा की विवादित स्थिति थी। महिला गांजा बेचती थी और उनके भाई उसका समर्थन करते थे। घटना की रात इस महिला और पुजारी के बीच मंदिर की लाइट बंद करने को लेकर कहासुनी हुई थी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, जिसमें इस एंगल की पुष्टि हुई। मृतक कल्लू बाबा मूल रूप से नेवतनी, मोहन रोड, थाना हसनगंज, जिला उन्नाव के निवासी थे। उनके दो भाई पुत्ती लाल और कमल बाबू हैं, जबकि एक भाई भोलाई की मृत्यु हो चुकी है। शीतला माता मंदिर, जहां कल्लू बाबा पूजा करते थे, का निर्माण गुड्डू लोधी ने कराया था। कल्लू बाबा गायों की सेवा भी करते थे और स्थानीय लोगों में उनकी धार्मिक और सामाजिक भूमिका मानी जाती थी।
विज्ञापन