बदायूं : मुठभेड़ के बाद हत्या का आरोपी गिरफ्तार, पैरों में लगी गोली
Munesh Kumar Shukla Fri, Mar 13, 2026
बदायूं में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्लांट में हुए दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू को उस समय पकड़ा गया, जब उसे हत्या में इस्तेमाल किए गए तमंचे की बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था।
पुलिस का कहना है कि बरामदगी के दौरान आरोपी ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस मुठभेड़ में अजय प्रताप सिंह के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि कार्रवाई के दौरान सिपाही ओमबीर सिंह भी घायल हो गए। घायल आरोपी और सिपाही को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि 12 मार्च की दोपहर जिले में स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के सीबीजी (कंप्रेस्ड बायोगैस) प्लांट में घुसकर बदमाशों ने दिनदहाड़े डिप्टी जनरल मैनेजर और असिस्टेंट सेल्स मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इस हमले के पीछे नौकरी से निकाले जाने की रंजिश हो सकती है। पुलिस के अनुसार आरोपी अजय प्रताप सिंह प्लांट का पूर्व कर्मचारी था और नौकरी से निकाले जाने के बाद वह नाराज चल रहा था।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। आखिरकार मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वारदात में कोई और व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
विज्ञापन