गोरखपुर : गोरखपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति की हत्या, हमलावरों का बेखौफ अंदाज
Munesh Kumar Shukla Tue, Mar 17, 2026
गोरखपुर में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति को घात लगाकर बैठे बदमाशों ने गोली मारकर और चाकुओं से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
मृतक की पहचान राजकुमार चौहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने पहले उनके सिर में गोली मारी और फिर सीने पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राजकुमार करीब 100 मीटर तक जान बचाने के लिए भागे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा कर दोबारा घेर लिया और तब तक हमला करते रहे, जब तक उनकी मौत नहीं हो गई।
इस वारदात में हमलावरों का बेखौफ रवैया भी सामने आया। बताया जा रहा है कि आरोपी घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर ही रुके रहे और यह सुनिश्चित करने के बाद ही फरार हुए कि राजकुमार की मौत हो चुकी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उन्हें तुरंत बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा इलाके की बताई जा रही है। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और वरिष्ठ अधिकारी मामले की निगरानी कर रहे हैं।
विज्ञापन