मुजफ्फरपुर : कॉलेज के मैदान में अधेड़ का शव मिलने से सनसनी
Munesh Kumar Shukla Fri, Feb 27, 2026
मुजफ्फरपुर जिले में एलएस कॉलेज के मैदान में एक अधेड़ व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना विश्विद्यालय थाना क्षेत्र के एलएस कॉलेज मैदान की है। सुबह प्रतिदिन की तरह लोग दौड़ और अभ्यास के लिए मैदान में पहुंचे थे। इसी दौरान मैदान के बीच में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा गया। जानकारी फैलते ही छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। एसडीपीओ टाउन वन सुरेश कुमार, विश्विद्यालय थाना प्रभारी और पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की बारीकी से जांच के लिए FSL की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।जांच के दौरान शव के पास कुछ टेबलेट बरामद हुए, जिन्हें जहर बताया जा रहा है। इसके अलावा मृतक के पास से एक पत्र भी मिला है, जिसमें ‘तनी हनी जयश्री’ लिखा हुआ है। साथ ही एक टर्मिनेशन लेटर भी बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस पहचान के लिए मृतक की तस्वीर सर्कुलेट कर रही है।
विज्ञापन