भोंदू बाबा’ केस में बड़ा ट्विस्ट : SIT का फिल्मी एक्शन, बेटे हर्षवर्धन खरात हिरासत में
Munesh Kumar Shukla Wed, Apr 1, 2026
खुद को ‘भोंदू बाबा’ बताने वाले आरोपी अशोक खरात के मामले में जांच अब और तेज हो गई है। विशेष जांच दल (SIT) ने बुधवार शाम उनके बेटे हर्षवर्धन खरात को हिरासत में ले लिया है।
नासिक के कर्मयोगी नगर स्थित ‘तृप्तबाला’ बंगले में यह कार्रवाई बेहद नाटकीय अंदाज़ में हुई। शुरुआती विरोध के बाद जब अधिकारियों को अंदर जाने नहीं दिया गया, तो SIT टीम ने पड़ोसी के घर की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और हर्षवर्धन को पकड़ लिया।
हिरासत के बाद उसे तुरंत त्र्यंबकेश्वर रोड स्थित महाराष्ट्र पुलिस अकादमी ले जाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि इस पूछताछ से अशोक खरात की संपत्ति, नेटवर्क और अन्य मामलों से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
गौरतलब है कि नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में अशोक खरात के खिलाफ अब तक 10 FIR दर्ज हो चुकी हैं। इनमें से 8 मामले यौन शोषण से जुड़े हैं, जबकि 2 मामले धोखाधड़ी के हैं। इसके अलावा SIT को फोन के जरिए 100 से अधिक शिकायतें भी मिल चुकी हैं।
जांच अब परिवार के अन्य सदस्यों तक भी पहुंच गई है। SIT टीम फरार पत्नी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस को शक है कि परिवार के लोगों को खरात की गतिविधियों और मामलों की पूरी जानकारी हो सकती है, जिससे आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
विज्ञापन