फतेहपुर में हाफ एनकाउंटर : गर्लफ्रेंड की हत्या का आरोपी सोनू यादव मुठभेड़ में गिरफ्तार
Munesh Kumar Shukla Fri, Apr 3, 2026
फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सनसनीखेज हत्या मामले के आरोपी का पुलिस ने हाफ एनकाउंटर कर गिरफ्तार कर लिया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के कौडेरवा गांव में दिनदहाड़े एक महिला की चाकू से हत्या करने वाले आरोपी सोनू यादव को पुलिस ने चौफेरवा के पास मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जांच में सामने आया है कि सोनू यादव पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उत्तर प्रदेश पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर पॉक्सो समेत चार मुकदमे दर्ज हैं और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पर पहले एक किशोरी के अपहरण और गैंगरेप कर उसे कुएं में फेंकने का मामला भी दर्ज था, जिसमें वह जेल जा चुका था और फिलहाल जमानत पर बाहर था।
ताजा मामला गांव की ही एक महिला से जुड़ा है, जिससे आरोपी का प्रेम संबंध था। आरोप है कि उसने महिला का अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और धीरे-धीरे उससे पैसे और जेवरात हड़प लिए। परेशान होकर महिला ने फरवरी में थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया था, जिसके बाद उसने महिला पर समझौते का दबाव बनाया। जब महिला ने अपने पैसे और जेवर वापस मांगे, तो आरोपी ने गुस्से में आकर उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने 24 मार्च को तीन टीमों का गठन किया था। बुधवार रात आरोपी गांव में घुसने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने सर्विलांस के जरिए उसका पता लगाया और उसे घेर लिया। मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में राहत का माहौल है, जबकि पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
विज्ञापन