बलिया : बलिया में एक ही घर में दो शव मिले
Munesh Kumar Shukla Thu, Feb 19, 2026
यूपी के बलिया में एक ही मकान से दो शव मिलने से हड़कंप मच गया। चार मंजिला मकान की तीसरी मंजिल पर रहने वाले युवक का शव फंदे से लटका मिला, जबकि चौथी मंजिल पर एक टीन के बक्से में किन्नर का शव बरामद हुआ। किन्नर तीन दिनों से लापता थी। गुरुवार सुबह युवक की पत्नी ने उसे फंदे से लटकता देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को पहले मामला आत्महत्या का लगा, लेकिन जांच के दौरान चौथी मंजिल पर बक्से से किन्नर का शव मिलने के बाद मामला उलझ गया। पुलिस को घटना से एक दिन पहले का सीसीटीवी फुटेज मिला, जिसमें लापता किन्नर युवक के घर में दाखिल होती दिखाई दी थी। आखिरी लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने युवक और उसके पिता को थाने बुलाकर पूछताछ की थी। यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर बैरिया थाना क्षेत्र की है। किन्नर समाज की तहरीर पर पुलिस ने रेखा की हत्या के आरोप में रवि सहित 5 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। किन्नरों ने पोस्टमॉर्टम हाउस का घेराव कर प्रदर्शन भी किया।
विज्ञापन