NEET-UG 2026 रद्द होने पर राहुल गांधी का केंद्र पर हमला : बोले- ‘छात्र नहीं हारे, व्यवस्था ने उन्हें तोड़ा’
Munesh Kumar Shukla Fri, May 15, 2026
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द किए जाने को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने परीक्षा रद्द होने के बाद सामने आई छात्रों की मौत की घटनाओं का जिक्र करते हुए शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अब कोई प्रतियोगी परीक्षा नहीं होगी… ये लखीमपुर खेरी के 21 वर्षीय रितिक मिश्रा के आखिरी शब्द थे।” उन्होंने कहा कि तीसरी बार NEET परीक्षा दे रहे रितिक का परीक्षा रद्द होने के बाद मनोबल पूरी तरह टूट गया था।
राहुल गांधी ने गोवा में एक अन्य NEET अभ्यर्थी की आत्महत्या का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “ये बच्चे परीक्षा में असफल नहीं हुए, बल्कि एक भ्रष्ट व्यवस्था के शिकार बने हैं। यह आत्महत्या नहीं, बल्कि व्यवस्था द्वारा की गई हत्या है।”
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि वर्ष 2015 से 2026 के बीच देशभर में 148 परीक्षा घोटाले सामने आए, जिनसे करीब 9 करोड़ छात्र प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि इस दौरान 87 परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं, लेकिन दोषियों के खिलाफ कार्रवाई बेहद सीमित रही।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि 148 घोटालों में से केवल एक मामले में सजा हुई है। उन्होंने कहा, “सीबीआई ने 17 मामले दर्ज किए, ईडी ने 11 मामलों की जांच की, लेकिन किसी को सजा नहीं मिली।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने पूछा, “मोदी जी, आपको जवाबदेही का एहसास दिलाने के लिए कितने ऋतिकों की जरूरत पड़ेगी?”
उन्होंने छात्रों के प्रति समर्थन जताते हुए कहा, “मेरे युवा मित्रों, आपका दर्द मेरा दर्द है। आपकी मेहनत मेरी मेहनत है। जो लोग आपका भविष्य छीन रहे हैं, उन्हें जवाब देना होगा। चाहे कितना भी समय लगे, किसी को बख्शा नहीं जाएगा। हम यह लड़ाई मिलकर लड़ेंगे और जीतेंगे।”
इसी बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने घोषणा की कि NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अनुचित साधनों के इस्तेमाल को रोकने के लिए कड़े कदम उठा रही है। साथ ही उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनके हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी।
विज्ञापन