उत्तर प्रदेश : शामली की आस्था जैन ने यूपीएससी में हासिल की नौवीं रैंक, सेल्फ स्टडी से रचा इतिहास
Munesh Kumar Shukla Fri, Mar 6, 2026
उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कांधला की रहने वाली आस्था जैन ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया 9वीं रैंक हासिल कर नया इतिहास रच दिया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।आस्था जैन की सफलता खास इसलिए भी मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के केवल सेल्फ स्टडी के जरिए इस प्रतिष्ठित परीक्षा को पास किया। उन्होंने अपनी पढ़ाई के लिए नियमित समय सारणी बनाई और उसी के अनुसार लगातार मेहनत की। कठिन विषयों को समझने के लिए उन्होंने किताबों और ऑनलाइन सामग्री का सहारा लिया।आस्था बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और उनका सपना प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज के लिए काम करने का था। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। उनकी लगन और अनुशासन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।आस्था की इस उपलब्धि पर उनके परिवार, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर की है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि आस्था ने पूरे जनपद का नाम रोशन किया है और उनकी सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी।यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में ऊंची रैंक हासिल करना आसान नहीं होता, लेकिन आस्था जैन ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ निश्चय, मेहनत और सही दिशा में प्रयास करने से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
विज्ञापन