Advertisment

26 जनवरी 2026 से e paper tv भारतवर्ष पढ़े हर रोज

16th June 2026

BREAKING NEWS

फैसले पर सियासी घमासान तेज

युवक ने ली जिम्मेदारी

45 लाख में हुआ था सॉल्व्ड पेपर का सौदा

चुनाव आयोग और राज्य सरकार से मांगा जवाब

फैसले पर सियासी घमासान तेज

राजस्थान SI भर्ती पेपर लीक मामला: मास्टरमाइंड के भाई की गिरफ्तारी : 45 लाख में हुआ था सॉल्व्ड पेपर का सौदा

Munesh Kumar Shukla Tue, Jun 16, 2026

राजस्थान उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) को बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसी ने पेपर लीक नेटवर्क के कथित सरगना हर्षवर्धन कुमार मीणा के भाई पुष्पेंद्र कुमार मीणा को गिरफ्तार किया है। एसओजी की जांच में खुलासा हुआ है कि पुष्पेंद्र ने परीक्षा से पहले एक अभ्यर्थी को लीक हुआ और हल किया गया प्रश्नपत्र पढ़ाया था।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल के अनुसार, मामले की जांच के दौरान पता चला कि हर्षवर्धन मीणा ने स्वरूपचंद मीणा से उसके पुत्र बृजेश कुमार मीणा को पेपर उपलब्ध कराने के बदले 45 लाख रुपये का सौदा किया था। जांच में सामने आया कि लीक हुआ सॉल्व्ड पेपर बृजेश को हर्षवर्धन के भाई पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने पढ़ाया था, जिससे वह परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सके।

एसओजी के मुताबिक, बृजेश कुमार मीणा को लिखित परीक्षा में हिंदी विषय में 200 में से 116.23 अंक और सामान्य ज्ञान में 200 में से 126.01 अंक प्राप्त हुए थे। इन अंकों के आधार पर वह लिखित परीक्षा में सफल भी हो गया था। हालांकि, बाद में शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) में असफल होने के कारण उसका अंतिम चयन नहीं हो सका।

जांच में यह भी सामने आया कि बृजेश कुमार मीणा ने 15 सितंबर 2021 को अजमेर केंद्र पर एसआई भर्ती परीक्षा दी थी। उसे 11 जून 2026 को गिरफ्तार किया गया था, जबकि पुष्पेंद्र कुमार मीणा को 14 जून को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने उसे 18 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा सके।

एसओजी के अनुसार, पुष्पेंद्र कुमार मीणा पहले दौसा जिले में फायरमैन चालक के पद पर कार्यरत रह चुका है। उसके खिलाफ पूर्व में भी राजस्थान REET/RO भर्ती परीक्षा-2022 से जुड़े एक मामले में आरोप दर्ज हैं। उस पर जन्मतिथि में हेराफेरी कर अपनी जगह डमी अभ्यर्थी से परीक्षा दिलाने का आरोप है, जिसकी जांच अजमेर के सिविल लाइंस थाने में चल रही है।

एसओजी ने बताया कि एसआई भर्ती पेपर लीक प्रकरण में अब तक 146 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एजेंसी पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

विज्ञापन

जरूरी खबरें