बरेली में होमगार्ड भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा : दूसरे की जगह परीक्षा दे रहा युवक गिरफ्तार
Munesh Kumar Shukla Mon, Apr 27, 2026
बरेली में होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025 के दौरान नकल और जालसाजी का एक बड़ा मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित इस परीक्षा में पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया, जो असली अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहा था।
यह मामला रविवार को साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज में सामने आया, जहां परीक्षा केंद्र प्रभारी को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। बायोमेट्रिक जांच के दौरान जब उसका डेटा मेल नहीं खाया, तो गहन पूछताछ में उसकी असलियत उजागर हो गई। आरोपी की पहचान हरदोई के टड़ियावां निवासी अनुराग के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह एक दिन पहले भी फर्जी तरीके से परीक्षा दे चुका है। अनुराग आर्य के अनुसार, आरोपी ने शनिवार को दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज में धर्मेंद्र सिंह नामक अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दी थी, जबकि रविवार को वह एक अन्य उम्मीदवार के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था।
पुलिस ने केंद्र प्रभारी की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, इस पूरे प्रकरण में किसी संगठित गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने किन-किन अभ्यर्थियों के साथ सौदा किया था।
विज्ञापन