वाराणसी : वाराणसी में दिखेगी रामायण की भव्य झलक
Munesh Kumar Shukla Mon, Feb 9, 2026
साउथ इंडियन सिनेमा के दिग्गज फिल्ममेकर एस.एस. राजामौली इन दिनों अपनी अगली मेगा बजट फिल्म ‘वाराणसी’ की तैयारियों में पूरी तरह व्यस्त हैं। इस फिल्म को लेकर इंडस्ट्री से लेकर दर्शकों तक जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि इस प्रोजेक्ट के जरिए ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा सालों बाद भारतीय सिनेमा में वापसी कर रही हैं, जिससे फिल्म की चर्चा और भी तेज हो गई है। फिलहाल ‘वाराणसी’ की शूटिंग हैदराबाद में जारी है, लेकिन इसकी टीम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म को प्रमोट करने में अभी से जुट गई है।हाल ही में एस.एस. राजामौली ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर अमेरिकन एंटरटेनमेंट वेबसाइट The Wrap से खास बातचीत की। इस इंटरव्यू में उन्होंने फिल्म की कहानी, इसके विशाल कैनवास और रामायण से जुड़े अहम हिस्से के बारे में विस्तार से जानकारी दी। राजामौली ने बताया कि उनकी यह फिल्म एक एपिक प्रोजेक्ट है, जिसमें कई कहानियां एक साथ दिखाई जाएंगी। इन कहानियों में भारतीय महाकाव्य रामायण से प्रेरित एक महत्वपूर्ण अंश भी शामिल है।डायरेक्टर ने खुलासा किया कि फिल्म में रामायण का एक पूरा एपिसोड दर्शाया जाएगा, जिसमें भगवान राम की भूमिका साउथ सुपरस्टार महेश बाबू निभाते नजर आएंगे। इस सीक्वेंस के बारे में बात करते हुए राजामौली ने कहा कि उनकी ज्यादातर फिल्में महाभारत और रामायण जैसे भारतीय महाकाव्यों से प्रेरित रही हैं। हालांकि, इस फिल्म में उन्हें पहली बार ऐसा मौका मिला है, जब वे रामायण के एक पूरे एपिसोड को विस्तार से और सीधे तौर पर पर्दे पर दिखा सके हैं।राजामौली के अनुसार, फिल्म का यह रामायण वाला एपिसोड कई छोटे-छोटे सब-एपिसोड्स को जोड़कर तैयार किया गया है। सभी हिस्सों को मिलाकर यह सीन करीब 25 मिनट लंबा है और फिल्म में यह केवल एक बार ही दिखाई देगा। उन्होंने बताया कि इन सभी सब-एपिसोड्स को शूट करना बेहद चुनौतीपूर्ण था। हर छोटा हिस्सा अपने आप में एक अलग फिल्म जैसा था, जिसमें अलग भावनाएं, अलग कहानी का प्रवाह और अलग तकनीकी जरूरतें थीं। हर एपिसोड में दर्शकों और किरदारों को महसूस होने वाली इमोशन्स भी अलग-अलग थीं।डायरेक्टर ने आगे बताया कि रामायण सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान उन्हें कई तरह की क्रिएटिव और टेक्निकल चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कुछ एपिसोड्स में क्रिएटिव चैलेंज ज्यादा थे, तो कुछ में टेक्निकल दिक्कतें सामने आईं। राजामौली के मुताबिक, हर एपिसोड पर काम करते समय ऐसा महसूस होता था जैसे पूरी तरह से एक नई फिल्म बनाई जा रही हो।
विज्ञापन