बालाजी टेलीफिल्म्स : फेक कास्टिंग से सावधान: बालाजी टेलीफिल्म्स ने जारी की आधिकारिक चेतावनी
Munesh Kumar Shukla Sat, Feb 28, 2026
मनोरंजन जगत में कदम रखने का सपना देखने वाले कलाकारों के लिए एक बड़ी चेतावनी सामने आई है। मशहूर निर्माता एकता कपूर की कंपनी बालाजी टेलीफिल्म्स ने एक आधिकारिक बयान जारी कर फर्जी कास्टिंग के नाम पर हो रही धोखाधड़ी से सावधान किया है। 27 फरवरी को जारी बयान में कंपनी ने बताया कि कुछ अनधिकृत लोग और फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बालाजी टेलीफिल्म्स के नाम और कॉरपोरेट पहचान का दुरुपयोग कर रहे हैं। ये लोग आने वाले टीवी सीरियल, वेब सीरीज और फिल्मों में काम दिलाने का झांसा देकर कलाकारों से संपर्क कर रहे हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया कि उसका इन अनऑथराइज्ड संस्थाओं या व्यक्तियों से कोई संबंध नहीं है। बयान में कहा गया है कि एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अवसर की तलाश कर रहे नए कलाकारों और निर्देशकों को खास तौर पर निशाना बनाया जा रहा है। ऐसे में किसी भी कास्टिंग नोटिस या ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। बालाजी टेलीफिल्म्स ने अपने आधिकारिक वक्तव्य में कहा, “यह एक औपचारिक स्पष्टीकरण है कि कई अनधिकृत लोग और फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट हमारी कॉरपोरेट पहचान का गलत इस्तेमाल कर झूठे कास्टिंग अवसर प्रचारित कर रहे हैं। हम इन संस्थाओं से स्वयं को पूरी तरह अलग करते हैं और उभरते कलाकारों की आकांक्षाओं का फायदा उठाने की किसी भी कोशिश की कड़ी निंदा करते हैं।” कंपनी ने कलाकारों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें।
विज्ञापन