कश्मीर में ‘ईरान की जीत’ का जश्न! : युद्धविराम के बाद सड़कों पर उतरे लोग
Munesh Kumar Shukla Wed, Apr 8, 2026
अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम की घोषणा के बाद कश्मीर घाटी में कई जगहों पर जश्न का माहौल देखने को मिला। खासकर शिया बहुल इलाकों में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और इस घटनाक्रम को ईरान की “जीत” बताया।
श्रीनगर के सैदाकदल और जदीबल क्षेत्रों के अलावा बडगाम, बारामूला, गांदरबल, पुलवामा और बांदीपोरा जिलों में भी लोग इकट्ठा होकर खुशी मनाते नजर आए।
लोगों ने ईरानी झंडे लहराए, पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को कश्मीरी कहवा बांटकर जश्न मनाया। कई लोगों का कहना था कि यह संघर्षविराम अमेरिका और इजराइल के खिलाफ ईरान की बड़ी जीत है।
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि ईरान ने इस संघर्ष में अमेरिका और इजराइल को झुकने पर मजबूर कर दिया, इसलिए यह जश्न मनाया जा रहा है। वहीं, कुछ कश्मीरी नेताओं ने भी युद्धविराम का स्वागत करते हुए सवाल उठाया कि इस संघर्ष से अमेरिका को आखिर क्या हासिल हुआ।
इससे पहले भी घाटी में ईरान के समर्थन में बड़े स्तर पर फंड जुटाने के अभियान चलाए गए थे, जिसमें लोगों ने आर्थिक और अन्य तरह की मदद दी थी।
गौरतलब है कि कश्मीर और ईरान के बीच लंबे समय से सांस्कृतिक, भाषाई और धार्मिक जुड़ाव रहा है। इसी कारण कश्मीर को अक्सर ‘ईरान-ए-सगीर’ यानी “छोटा ईरान” भी कहा जाता है।
विज्ञापन