कानपुर देहात : दूल्हे को पीटा, दुल्हन के गहने लूटकर फरार
Munesh Kumar Shukla Wed, Mar 11, 2026
उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद थाना क्षेत्र में शादी से लौट रहे दूल्हा-दुल्हन के साथ लूट और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बदमाशों ने रास्ते में कार रोककर दूल्हे, चालक और दुल्हन के साथ मारपीट की और दुल्हन के जेवर लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक बारात औरैया जिले से रसूलाबाद आई थी। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा अपनी दुल्हन को विदा कराकर कार से वापस लौट रहा था। इसी दौरान जब उनकी कार भवनपुर भट्टा के पास पहुंची, तभी पहले से घात लगाए बैठे कुछ दबंगों ने वाहन को रोक लिया।
बताया जा रहा है कि कार रुकते ही हमलावरों ने दूल्हे और चालक को गाड़ी से नीचे खींच लिया और उनकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान विरोध करने पर दुल्हन के साथ भी मारपीट और अभद्रता की गई। आरोप है कि दबंगों ने हंगामा करते हुए दुल्हन के पहने हुए कीमती जेवरात जबरन लूट लिए।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।
विज्ञापन