कानपुर : इंजीनियर से उलझे सपा विधायक, बोले—‘तुम पागलमैन हो’
Munesh Kumar Shukla Sat, Feb 7, 2026
कानपुर में समाजवादी पार्टी के विधायक मो. हसन रूमी का एक विवादित मामला सामने आया है, जहां उन्होंने गुरुवार को पाइपलाइन बिछाने के काम को रुकवा दिया। आरोप है कि विधायक ने मौके पर मौजूद इंजीनियर से तीखी बहस की और कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल किया। यह घटना जाजमऊ क्षेत्र की है, जहां नमामि गंगे योजना के तहत पानी की पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा था। जानकारी के अनुसार, जाजमऊ के बीकेडी चौराहे पर WABAG नाम की संस्था के कर्मचारी पाइपलाइन डालने के लिए सड़क की खुदाई कर रहे थे। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों ने सड़क खोदने को लेकर नाराजगी जताई और इसकी सूचना स्थानीय विधायक मो. हसन रूमी को दी। सूचना मिलने के बाद विधायक मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।मौके पर पहुंचने के बाद विधायक ने कंपनी के प्रेसिडेंट इंजीनियर बालाजी को बुलाया और उनसे काम से संबंधित एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) के बारे में सवाल किया। विधायक ने इंजीनियर से पूछा कि उनकी एनओसी की वैधता कब तक है और तत्काल उसे दिखाने के लिए कहा। बताया गया कि इंजीनियर मौके पर एनओसी नहीं दिखा सके, जिससे विधायक नाराज हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसके बाद विधायक और इंजीनियर के बीच बहस तेज हो गई। विधायक ने इंजीनियर को फटकार लगाते हुए अंग्रेजी में अपशब्द कहे। उन्होंने कहा कि बिना वैध एनओसी के काम नहीं होने दिया जाएगा। विधायक का कहना था कि समय सीमा समाप्त होने के बाद भी काम कैसे जारी रखा जा सकता है। इसी दौरान विधायक ने मौके पर ही पाइपलाइन बिछाने का काम बंद करवा दिया।विधायक मो. हसन रूमी ने बाद में मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने करीब दो महीने पहले अपनी विधायक निधि से इस सड़क का निर्माण कराया था। सड़क बनने के कुछ ही समय बाद कंपनी द्वारा दोबारा खुदाई शुरू कर दी गई, जिससे आम जनता में भारी नाराजगी है। विधायक का कहना है कि जहां-जहां सड़क खोदी गई है, वहां मरम्मत नहीं कराई गई और सड़क को वैसे ही छोड़ दिया गया, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बन रही है।उन्होंने बताया कि इस मार्ग से दरगाह और मंदिर दोनों ओर श्रद्धालुओं का आना-जाना होता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बड़े वाहन, ट्रक और ट्रैक्टर गड्ढों में फंस जा रहे हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। विधायक ने साफ कहा कि जब तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई जाएगी, तब तक काम नहीं होने दिया जाएगा।स्थानीय लोगों ने भी सड़क खुदाई को लेकर नाराजगी जताई है। क्षेत्र निवासी मोहम्मद अमीन ने बताया कि करीब दो साल बाद सड़क बनी थी, जिससे इलाके में कारोबार फिर से पटरी पर आया था।
विज्ञापन