महिला आरक्षण : महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी तेज, सरकार बुला सकती है संसद का विशेष सत्र
Munesh Kumar Shukla Thu, Apr 2, 2026
संसद के गलियारों से बड़ी खबर सामने आ रही है कि केंद्र सरकार महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को जल्द लागू करने के लिए अहम कदम उठाने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार, सरकार इस दिशा में संशोधन विधेयक लाने के लिए 16 से 18 अप्रैल के बीच संसद का विशेष सत्र बुला सकती है।
बताया जा रहा है कि मौजूदा बजट सत्र को पूरी तरह समाप्त करने के बजाय कुछ दिनों के लिए स्थगित किया जा सकता है और फिर तीन दिनों के लिए विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इस दौरान महिला आरक्षण को लागू करने से जुड़ी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।
गौरतलब है कि साल 2023 में संसद ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को भारी बहुमत से पारित किया था। हालांकि, उस कानून में यह प्रावधान था कि महिला आरक्षण अगली जनगणना और परिसीमन के बाद ही लागू होगा, जिससे इसके लागू होने में लंबा समय लग सकता था।
अब सरकार इस अड़चन को दूर करने के लिए संशोधन बिल लाने की योजना बना रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस संशोधन के जरिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही परिसीमन प्रक्रिया शुरू की जा सकती है, ताकि महिलाओं को आरक्षण का लाभ जल्द मिल सके।
चर्चा यह भी है कि इस प्रक्रिया के तहत लोकसभा सीटों की संख्या में बड़ा बदलाव हो सकता है। मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर लगभग 816 किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है, तो नई सीटों में से एक-तिहाई यानी करीब 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं।
यदि यह प्रस्तावित बदलाव लागू होता है, तो यह भारतीय राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित हो सकता है।
विज्ञापन