LPG संकट : यूपी में LPG संकट गहराया: एजेंसियों पर लंबी लाइनें, कई जगह हंगामा और छापेमारी
Munesh Kumar Shukla Sun, Mar 15, 2026
उत्तर प्रदेश में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत से लोग परेशान हैं। छठे दिन भी गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। बुकिंग कराने के बावजूद कई लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
कानपुर में रविवार सुबह एक गैस एजेंसी के बाहर “आज गैस नहीं मिलेगी” का नोटिस लगाए जाने पर लोगों ने हंगामा कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
वहीं लखनऊ में जिला प्रशासन और सप्लाई विभाग ने अभिनंदन रिसॉर्ट में शनिवार देर रात छापेमारी की। यहां से 88 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इस मामले में रिसॉर्ट मालिक समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
गोंडा में समाजवादी पार्टी के नेता विनोद शुक्ला ने गैस संकट के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। उन्होंने गैस सिलेंडर और पाइप नाले में डालकर विरोध जताया और कहा कि उनके घर मेहमान आए हैं, अब नाले की गैस से ही चाय बनानी पड़ेगी।
इधर मैनपुरी में गैस की कमी को लेकर एक अजीब मामला सामने आया। यहां सास ने बहू से गैस का कम इस्तेमाल करने को कहा तो बहू थाने पहुंच गई। उसने पुलिस से शिकायत की कि टीवी पर बताया जा रहा है कि गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन सास उसे चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद सास को थाने बुलाया गया और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया गया।
विज्ञापन