LPG : अब 14.2 किलो की जगह 10 Kg का मिलेगा LPG Cylinder?
Munesh Kumar Shukla Mon, Mar 23, 2026
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर अब भारत की घरेलू गैस आपूर्ति पर भी दिखने लगा है। होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास पैदा हुए व्यवधानों के कारण LPG की सप्लाई प्रभावित हो रही है। ऐसे में सरकारी तेल विपणन कंपनियां घरेलू गैस वितरण को संतुलित करने के लिए नई रणनीति पर विचार कर रही हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रस्ताव है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडरों में फिलहाल लगभग 10 किलोग्राम LPG ही भरी जाए, ताकि सीमित आपूर्ति को ज्यादा से ज्यादा घरों तक पहुंचाया जा सके। इसका उद्देश्य ईंधन की बचत करते हुए सभी उपभोक्ताओं तक गैस की उपलब्धता बनाए रखना है।
दरअसल, होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव के चलते मालवाहक जहाजों की आवाजाही धीमी हो गई है, जिससे भारत आने वाली LPG की खेप प्रभावित हो रही है। भारत अपनी करीब 60% LPG जरूरत आयात के जरिए पूरी करता है, ऐसे में आपूर्ति में थोड़ी भी बाधा बड़ा असर डाल रही है।
मौजूदा स्थिति यह है कि भारतीय बंदरगाहों की ओर नए मालवाहक जहाजों के आने की जानकारी नहीं है, जबकि हाल के दिनों में बहुत कम जहाज ही इस मार्ग से गुजर पाए हैं। इससे देश में आने वाली LPG की मात्रा काफी घट गई है, जो राष्ट्रीय मांग के मुकाबले बेहद कम है।
आमतौर पर 14.2 किलोग्राम का सिलेंडर एक घर में 35-40 दिन तक चलता है, लेकिन अधिकारियों का मानना है कि 10 किलोग्राम का सिलेंडर भी करीब एक महीने तक चल सकता है। इस कदम से संकट के समय उपलब्ध गैस को अधिक संतुलित तरीके से वितरित करने में मदद मिल सकती है।
फिलहाल यह प्रस्ताव विचाराधीन है और स्थिति के अनुसार अंतिम फैसला लिया जाएगा।
विज्ञापन