₹10 हजार से ऊपर का ट्रांजैक्शन होगा लेट! : RBI ला रहा 1 घंटे का ‘सेफ्टी ब्रेक’, फ्रॉड पर लगेगी लगाम
Munesh Kumar Shukla Fri, Apr 10, 2026
डिजिटल फ्रॉड पर लगाम लगाने के लिए भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) एक बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। जल्द ही ₹10,000 से ज्यादा के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन तुरंत होने के बजाय करीब 1 घंटे की देरी से पूरे हो सकते हैं, ताकि यूजर्स को गलती सुधारने या ट्रांजैक्शन रोकने का मौका मिल सके।
RBI का मानना है कि जालसाज अक्सर लोगों पर मानसिक दबाव बनाकर जल्दबाजी में पैसे ट्रांसफर करवा लेते हैं। ऐसे में यह 1 घंटे का “कूलिंग पीरियड” यूजर्स को सोचने और फ्रॉड से बचने का समय देगा।
प्रस्ताव के तहत बुजुर्गों (70+ उम्र) और दिव्यांगों के लिए सुरक्षा और भी कड़ी हो सकती है। ₹50,000 से ज्यादा के ट्रांजैक्शन पर “ट्रस्टेड पर्सन” की मंजूरी जरूरी करने का सुझाव दिया गया है, जिससे सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत जुड़ जाएगी।
साथ ही, अगर आप किसी भरोसेमंद व्यक्ति या मर्चेंट को बार-बार पैसे भेजते हैं, तो उन्हें “व्हाइटलिस्ट” में जोड़ सकते हैं। ऐसे मामलों में 1 घंटे की देरी लागू नहीं होगी, जिससे रोजमर्रा के लेन-देन पर असर नहीं पड़ेगा।
RBI ने एक “किल स्विच” का भी सुझाव दिया है, जिससे यूजर किसी भी संदिग्ध स्थिति में एक क्लिक से अपने सभी डिजिटल पेमेंट सिस्टम को तुरंत बंद कर सकेगा।
विज्ञापन