लखनऊ : कानपुर-लखनऊ रेल मार्ग पर 42 दिन का मेगा ब्लॉक, 42 ट्रेनें रद्द
Munesh Kumar Shukla Sun, Mar 1, 2026
कानपुर से लखनऊ के बीच सफर करने वाले यात्रियों को 2 अप्रैल से 42 दिनों तक भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। भारतीय रेलवे ने गंगा नदी पर बने 118 वर्ष पुराने रेलवे पुल की मरम्मत के लिए 2 अप्रैल से 13 मई तक मेगा ब्लॉक घोषित किया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस अवधि में 42 ट्रेनें पूरी तरह निरस्त रहेंगी, 31 ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया जाएगा, जबकि 14 ट्रेनें केवल कानपुर तक ही संचालित होंगी। इससे रोजाना हजारों यात्रियों की आवाजाही प्रभावित होगी।
शुक्लागंज स्थित गंगा रेल पुल के डाउन ट्रैक (कानपुर से लखनऊ दिशा) पर मरम्मत कार्य किया जाएगा। जर्जर हो चुके स्लीपरों को हटाकर उनकी जगह स्टील के एच-बीम (स्टील स्लीपर) लगाए जाएंगे। इस कार्य के लिए प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आठ घंटे का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। मेगा ब्लॉक 2 अप्रैल सुबह 9 बजे से प्रभावी होगा।
उल्लेखनीय है कि कानपुर मुरे कंपनी पुल से कानपुर बायां किनारा स्टेशन के बीच बना यह रेल पुल वर्ष 1908 में तैयार हुआ था। 118 साल पुराने इस पुल पर समय-समय पर मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य होता रहा है। पिछले वर्ष अप लाइन (लखनऊ से कानपुर दिशा) पर भी इसी प्रकार मेगा ब्लॉक लेकर मरम्मत की गई थी। अब डाउन लाइन को दुरुस्त किया जाएगा।
ट्रेनों के निरस्तीकरण और रूट डायवर्जन से प्रतिदिन करीब तीन हजार यात्रियों को असुविधा होने का अनुमान है। इंटरसिटी, झांसी पैसेंजर और कानपुर-लखनऊ मेमू जैसी ट्रेनों के प्रभावित होने से दैनिक यात्रियों को बस और अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ेगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।
विज्ञापन