लखनऊ : SIR को लेकर विवाद, मुस्लिम मतदाताओं के नाम कटने का आरोप
Munesh Kumar Shukla Thu, Feb 5, 2026
लखनऊ में मुस्लिम समुदाय के दर्जनों लोगों के नाम SIR प्रक्रिया में काटे जाने की सूचना मिलने के बाद गुरुवार को ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने गांव के प्राथमिक विद्यालय स्थित बूथ पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। सरोजनीनगर क्षेत्र के फर्रूखाबाद चिल्लावां गांव के रहने वाले दशरथ कुमार नामक व्यक्ति ने फॉर्म-7 भरकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए आपत्ति दर्ज कराई थी। ग्रामीणों के अनुसार, दशरथ कुमार ने बीएलओ रमजान अली को आवेदन देते हुए कई लोगों को मृत या गांव का निवासी न होने का दावा किया था। बीएलओ द्वारा संबंधित लोगों को फोन कर सत्यापन किए जाने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण बूथ पर पहुंचे और अपने नाम काटे जाने पर विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि दशरथ कुमार खुद चिल्लावां गांव का स्थायी निवासी नहीं है, बल्कि गांव का दामाद है और वह अधिकांश लोगों को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता। इसके बावजूद उसने एक ही समुदाय के लगभग 100 से अधिक लोगों के नाम कटवाने के लिए फॉर्म-7 जमा कर दिया, जिससे गंभीर सवाल खड़े होते हैं। इस मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी पहले से ही एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सरकार पर हमलावर है। वहीं, आजाद समाज पार्टी के मंडल अध्यक्ष मोहम्मद सुहैल ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए फॉर्म-7 देने वाले दशरथ कुमार पर सख्त कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। बताया जा रहा है कि दशरथ कुमार भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता है और वह मुस्लिम समुदाय के लोगों के नाम एसआईआर सूची से कटवाना चाहता है। इस घटना को लेकर मुस्लिम समुदाय में भारी नाराजगी व्याप्त है। प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन