अखिलेश यादव : सपा सरकार बनी तो 300 यूनिट फ्री बिजली और महिलाओं को 40 हजार सालाना पेंशन
Munesh Kumar Shukla Tue, Apr 21, 2026
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़े वादे किए हैं। उन्होंने घोषणा की कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो प्रदेश के उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी। साथ ही महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने की योजना लागू की जाएगी।
लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने 2027 में भाजपा को हराने के लिए एकजुटता और बेहतर तालमेल की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य ऐसा प्रदर्शन करना है कि भाजपा को एक भी सीट के लिए संघर्ष करना पड़े।
सपा प्रमुख ने प्रदेश में लागू स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली के बिलों में बढ़ोतरी और मीटर रीडिंग में गड़बड़ी के पीछे भ्रष्टाचार है। उनके मुताबिक, ठेके देने से पहले कमीशन लेने की वजह से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि महंगी बिजली और गैस सिलेंडर जैसी समस्याएं ही भाजपा को सत्ता से बाहर कर देंगी। उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और खाद की कमी का मुद्दा भी उठाया।
महिलाओं की भागीदारी को लेकर उन्होंने कहा कि सपा PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के जरिए समाज के सभी वर्गों को साथ लाने और उन्हें अवसर देने का प्रयास कर रही है।
विज्ञापन