यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: : नक्शा पास होते ही बदलेगा जमीन का उपयोग, प्रक्रिया हुई आसान
Munesh Kumar Shukla Wed, Mar 25, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को लोक भवन में हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट बैठक में 35 प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई। बैठक में कुल 37 प्रस्ताव पेश किए गए थे, जिनमें से 20 और 21 नंबर के प्रस्तावों को स्वीकृति नहीं मिली।
कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता 2006 की धारा-80 में संशोधन को भी हरी झंडी दे दी है। इस बदलाव के तहत विकास प्राधिकरण, औद्योगिक विकास प्राधिकरण और आवास विकास परिषद क्षेत्रों में जमीन के उपयोग को कृषि से गैर-कृषि में बदलने की प्रक्रिया अब काफी आसान हो जाएगी।
कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि पहले भू-उपयोग परिवर्तन और नक्शा पास कराने के लिए अलग-अलग प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता था। अब अगर किसी परियोजना का नक्शा स्वीकृत हो जाता है, तो भू-उपयोग स्वतः परिवर्तित माना जाएगा।
सरल शब्दों में कहें तो अब किसी व्यक्ति या निवेशक को मकान, दुकान या फैक्ट्री बनाने के लिए कम कागजी प्रक्रिया और कम सरकारी चक्कर लगाने होंगे। सरकार का मानना है कि इस फैसले से आम लोगों को राहत मिलेगी, निवेश बढ़ेगा और प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
इस निर्णय के जरिए योगी सरकार ने शहरी क्षेत्रों में निर्माण से जुड़ी जटिलताओं को कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है, जिससे लंबित आवेदनों के निस्तारण में भी तेजी आने की उम्मीद है।
विज्ञापन