लखनऊ : लखनऊ की सहारा सिटी खाली: स्वप्ना रॉय की कोठी से भी निकल रहा सामान
Munesh Kumar Shukla Thu, Mar 19, 2026
लखनऊ स्थित सहारा सिटी अब पूरी तरह खाली की जा रही है। सहारा प्रमुख रहे सुब्रत रॉय की पत्नी स्वप्ना रॉय भी अपनी आलीशान कोठी ‘स्वप्ना कुटी’ से लग्जरी सामान बाहर निकलवा रही हैं। पिछले पांच दिनों से परिसर में ट्रक, डीसीएम और अन्य वाहनों के जरिए सामान लगातार शिफ्ट किया जा रहा है।
सहारा सिटी की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जाता था कि सुब्रत रॉय की कोठी की तुलना अमेरिकी राष्ट्रपति के व्हाइट हाउस से की जाती थी। अब नगर निगम के निर्देश के बाद पूरे परिसर को खाली कराया जा रहा है, जिसके बाद यहां मैनेजमेंट का आना-जाना भी बंद हो जाएगा।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 16 मार्च को सहारा सिटी की लीज खत्म करने के फैसले को बरकरार रखते हुए जमीन नगर निगम को सौंपने का आदेश दिया था। करीब 170 एकड़ में फैली इस जमीन पर अब नए विधानभवन के निर्माण की योजना है।
इसी बीच, हाल ही में सहारा सिटी में बड़ी चोरी की घटना भी सामने आई थी। चोरों ने कई महंगे सामान चुरा लिए थे, जिनमें 0.32 बोर की दो ऑटोमैटिक पिस्टल, कारतूस, राडो, पाको रैबन, गिरार्ड पेरिगॉक्स, टेक्नो मरीन और टाइटन जैसे ब्रांड की घड़ियां शामिल थीं।
इसके अलावा कैमरे, एलसीडी टीवी, कैसिनो कॉइन, मोबाइल फोन, एक पिकअप, एसयूवी और चांदी- सोने के कई कीमती सामान भी चोरी हो गए थे। स्वप्ना रॉय ने इस घटना में कर्मचारियों की मिलीभगत का आरोप लगाया था।
मामले में यूपी एसटीएफ ने छह आरोपियों के गिरोह का खुलासा करते हुए चोरी का सामान बरामद कर लिया है। अब जांच एजेंसियां उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी कर रही हैं, जिनकी अंदरूनी जानकारी के आधार पर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
विज्ञापन