अखिलेश यादव : ‘PDA’ को दिया नया अर्थ: ‘A’ का अर्थ ‘आधी आबादी’ |
Munesh Kumar Shukla Mon, Mar 23, 2026
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ‘PDA’ के नारे को नया और व्यापक रूप देते हुए इसमें महिलाओं को भी शामिल कर लिया है। अब तक ‘PDA’ का मतलब पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक था, लेकिन अब ‘A’ का अर्थ ‘आधी आबादी’ यानी महिलाओं से भी जोड़ा गया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ लागू की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हर बच्ची, युवती और महिला को समान अधिकार, सम्मान और आत्मनिर्भर बनने के अवसर देना उनकी प्राथमिकता है।
सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी पत्नी सांसद डिंपल यादव समेत कई अग्रणी महिलाओं के साथ तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि आधी आबादी की पूरी आजादी, सुरक्षा और अधिकार सुनिश्चित करना उनका संकल्प है।
उन्होंने कहा कि जब परिवार, समाज और देश को मजबूत करने वाली महिलाओं को सम्मान मिलता है, तो उनका मनोबल बढ़ता है। इसी सोच के साथ सपा ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने का काम करेगी।
इसके अलावा, अखिलेश यादव ने ‘समाजवादी पेंशन’ योजना को दोबारा शुरू करने की भी बात कही, ताकि महिलाओं की आर्थिक स्थिति को और सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि यह कदम उत्तर प्रदेश की समग्र उन्नति के उनके लक्ष्य को मजबूत करेगा।
विज्ञापन