UP पंचायत चुनाव : UP पंचायत चुनाव पर सस्पेंस खत्म! जुलाई 2026 तक होंगे सभी चुनाव – ओम प्रकाश राजभर
Munesh Kumar Shukla Thu, Mar 19, 2026
उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच पंचायती राज मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि राज्य में पंचायत चुनाव हर हाल में जुलाई 2026 तक पूरे कराए जाएंगे और हाईकोर्ट के आदेशों का पूरी तरह पालन होगा।
राजभर ने कहा कि ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत—तीनों स्तरों के चुनाव तय समयसीमा में संपन्न होंगे। उन्होंने 2021 के चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि उस समय भी जुलाई तक प्रक्रिया पूरी हो गई थी और इस बार भी उसी समयसीमा का पालन किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग पूरी तरह तैयार हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि चुनाव की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। जिलों में मतपत्रों की छपाई हो चुकी है और मतदाता सूची का प्रकाशन 15 अप्रैल तक कर दिया जाएगा। साथ ही, ओबीसी आरक्षण तय करने के लिए आयोग का गठन जल्द किया जाएगा, जिसके बाद आरक्षण की अंतिम सूची जारी होगी।
राजभर ने यह भी साफ किया कि पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण 2011 की जनगणना के आधार पर ही निर्धारित किया जाएगा और फिलहाल कोई नई गणना नहीं कराई जाएगी। आयोग की रिपोर्ट मिलते ही चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भले ही ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत पदाधिकारियों के कार्यकाल अलग-अलग समय पर समाप्त हो रहे हों, लेकिन किसी का भी कार्यकाल जुलाई 2026 से आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। चुनाव कार्यक्रम इसी समयसीमा को ध्यान में रखकर तय किया जा रहा है।
विज्ञापन