CM योगी : कर्तव्य भवन से पेश हुआ यह पहला बजट
Munesh Kumar Shukla Mon, Feb 2, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय बजट पर सोमवार को अपने सरकारी आवास पर मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने आम बजट 2026-27 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन वाला बताया। इस अवसर पर उनके साथ उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह बजट प्रदेश के आम जन के जीवन को सरल बनाने में मददगार होगा। बजट में युवा, गरीब व वंचित के समान विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें हर नागरिक के मूल कर्तव्यों की ओर ध्यान आकर्षित किया गया है। इसमें किसान, युवा, महिला व गरीब का ध्यान रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम उत्तर प्रदेश राज्य का बजट भी इसी तर्ज पर लाएंगे जिससे विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश को आगे बढ़ाएंगे। रोजगार की अपार संभावनाएं हैं और यूपी के युवाओं के लिए बड़ा स्थान मिलेगा। बजट में बड़ा हिस्सा यानी 10 हजार करोड़ रुपये एमएसएमई के लिए रखा गया है। इससे हमारे कारीगरों के उत्पाद को बढ़िया लाभ मिलेगा। विश्वकर्मा सम्मान प्रोत्साहन की वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में लाभ मिल रहा है। राज्य ने ओडीओपी के उत्पादों का एक्सपोर्ट शुरू किया है, इसको इस बजट से बड़ा लाभ मिलेगा। पैकेजिंग के लिए यूपी आगे बढ़ेगा और इन्फ्रास्ट्रक्चर बढ़ेगा। बजट से रेलवे के सात कॉरीडोर को बढ़ावा मिलेगा और उत्तर प्रदेश में लॉजिस्टिक का बड़ा हब तैयार होगा। बजट में मल्टीलेवल लॉजिस्टिक हब के लिए बड़ा लाभ है। अयोध्या जी से हल्दिया के बीच में वाटर वे का उपयोग करने में बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश 10 हजार करोड़ के बायोफार्मा का ग्लोबल हब बनेगा। हम इसी को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फार्मा का आयोजन कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर डाटा सेंटर भी बन रहा है। यूपी में महिला कार्यबल अलग-अलग सेक्टर में विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही है। महिलाओं के सुरक्षित हास्टल को बढ़ाया जाएगा और बजट से छात्राओं के लिए शिक्षा में बढ़ावा मिलेगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश को टूरिज्म हब के रूप में बढ़ाया जा रहा है। धार्मिक पर्यटन में उत्तर प्रदेश बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने इस बजट में 15 आर्कलॉजिकल साइट्स के अलग धन की व्यवस्था की है। अलग बजट मिलने से इसको गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा या यूपी अथारिटी क्षेत्र में सेमी कण्डकटर को बढ़ावा मिलेगा। इससे युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए बहुत सम्भावना है। इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेन्ट के लिए पहले से दो लाख करोड़ में अब और बढ़ावा मिलेगा। अर्बन इन्फ्रास्ट्रक्चर को आगे बढ़ाने में यह बजट काफी सहयोगी सिद्ध होगा। प्रदेश में 98 जिला स्तरीय अस्पताल हैं, इनके इन्फ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक के विकास खर्च, सुदृढ़ इन्फ्रास्ट्रक्चर और सात रेल कारिडोरों के लिए बजट में प्रविधान किया गया है। आयुष सेक्टर को विकसित करने और हेल्थ सेक्टर की मजबूती के लिए प्रयास किए गए हैं।
विज्ञापन