लखनऊ : नगर निगम लखनऊ की अनोखी पहल देसी गाय के गोबर से तैयार लट्ठों की बिक्री शुरू
Munesh Kumar Shukla Sun, Mar 1, 2026
होली के पर्व को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से नगर निगम लखनऊ ने इस बार विशेष पहल की है। होलिका दहन के लिए देसी गाय के गोबर से बने लट्ठे तैयार कराए गए हैं, जिन्हें शहरवासियों के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। नगर निगम इन लट्ठों की बिक्री ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से करने के साथ-साथ ऑफलाइन केंद्रों पर भी कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।नगर निगम प्रशासन के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति 200 से अधिक लट्ठों की खरीद करता है तो उसे मुफ्त होम डिलीवरी की सुविधा भी दी जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य सामूहिक होलिका दहन कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करना और लकड़ी के उपयोग को कम करना है, जिससे पेड़ों की कटाई पर रोक लगाई जा सके।पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि देसी गाय के गोबर से बने लट्ठों के दहन से वातावरण शुद्ध और पवित्र होता है। इससे प्रदूषण का स्तर अपेक्षाकृत कम रहता है और पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार यह सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उनका कहना है कि यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि लोगों को प्राकृतिक और पारंपरिक विकल्प अपनाने के लिए भी प्रेरित करेगी।नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे पर्यावरण हितैषी उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे इस होली पर हरित और सुरक्षित तरीके से पर्व मनाकर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें।
विज्ञापन