लखनऊ : लखनऊ में ब्राह्मण प्रबुद्ध समागम में हंगामा, दिनेश शर्मा के खिलाफ नारेबाजी
Munesh Kumar Shukla Sat, Feb 28, 2026
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ब्राह्मण प्रबुद्ध समागम के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब पूर्व डिप्टी सीएम और भाजपा सांसद दिनेश शर्मा के भाषण के दौरान ब्राह्मण समाज के कुछ लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि यूजीसी से जुड़े मुद्दे पर स्पष्ट रूप से बात न करने को लेकर कुछ लोग नाराज हो गए। दिनेश शर्मा मंच से मुश्किल से एक मिनट ही बोल पाए थे कि हूटिंग और हंगामा शुरू हो गया। माहौल बिगड़ता देख उन्होंने अपना भाषण अधूरा छोड़ दिया और “भारत माता की जय” के नारे लगाते हुए मंच पर बैठ गए।
कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के ब्राह्मण नेता शामिल हुए थे। इनमें पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा, यूपी कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी मौजूद रहे।
समागम में निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री भी पहुंचे। जब वे बोलने लगे तो आयोजकों ने उन्हें बीच में ही रोक दिया और कहा कि मंदिर-चंदा जैसे विषयों के बजाय मुख्य मुद्दे पर बात करें। इस पर सभा में मौजूद कुछ लोगों ने उनके समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे कार्यक्रम में फिर से हंगामे की स्थिति बन गई।
कार्यक्रम से निकलते समय उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि सरकार हमेशा ब्राह्मण समाज के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि पार्टी और सरकार समाज की चिंताओं को समझती है और भरोसा दिलाती है कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के सिद्धांत पर सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की बात दोहराई।
कार्यक्रम में हुए हंगामे ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है और इसे आगामी चुनावी समीकरणों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
विज्ञापन